फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: 24 घंटे झमाझम बारिश... मोहल्लों में भर गया पानी

Sun, 29 Sep 2024 01:06 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में जलभराव का संकट, पानी में डूब गए सड़क और नाले
विज्ञापन

निचली सतह के मकानों और कार्यालयों में भी घुसा पानी, बढ़ गई सांसत
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शुक्रवार की सुबह से 24 घंटे तक लगातार झमाझम बारिश हुई। शनिवार की दोपहर 12 बजे के बाद बारिश थोड़ी थमी जरूर लेकिन, काले बादलों का उमड़ना-घुमड़ना जारी रहा। तापमान भी लुढ़क कर न्यूनमत 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। गर्मी से लोगों को काफी हद तक राहत मिल गई है। मगर, मूसलधार बारिश के चलते ताल-तलैया सब उफना गए हैं। आसपास के खेत-खलिहान भी जलमग्न हो चुके हैं। कहीं-कहीं सड़कों पर पानी बह रहा है। अनुमान के मुताबिक, यदि एक-दो दिन इसी तरह बारिश और हुई तो जलभराव का संकट और गहरा जाएगा।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दो दिन में 45 मिली मीटर बारिश दर्ज हुई है। शास्त्रीय पंचांग में हथिया नक्षत्र का यह शुरुआती दौर है। समूचे अंचल में बादलों ने चौतरफा झूमकर बारिश की। पोखरो, सरोवरों, ताल-तलैया सभी के जलस्तर सतह से ऊपर आ चुके हैं। बारिश का पानी खेत-खलिहान से लेकर सड़कों तक लग गया है। ग्रामीण अंचल से लेकर शहरी क्षेत्र तक जलभराव का संकट गहरा गया है। आवागमन तक प्रभावित है। दोपहर 12 बजे के बाद थोड़ी देर के लिए बारिश बंद हुई। मगरन, बूंदाबांदी जारी रही। घने बादल भी छाए रहे।
विज्ञापन

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डाॅ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले 24 घंटे में सामान्य बारिश का अनुमान है। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ हो सकता है।
...
शहर में घरों में घुसा पानी, सड़कें हुई जलमग्न
मूसलधार बारिश ने एक तरफ गर्मी से राहत पहुंचाई है तो दूसरी तरफ शहरियों का संकट बढ़ा दी है। नाले-नालियां ओवरफ्लों होकर बह रहे हैं। एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में जलभराव का संकट गहराया हुआ है। जलनिकासी की व्यवस्था फेल हो गई है। शहर के मालवीय मार्ग पर फव्वारा तिराहे से लेकर करतार चौराहे तक कई जगहों पर सड़क और बगल में बने नाले पानी में डूबे हुए हैं। इस सड़क पर गड्ढों की भी भरमार है।
राहगीरों को जलभराव होने से गड्ढों का अंदाज नहीं मिल रहा है। पानी से भरे इन गड्ढों में गिरकर कोई न कोई वाहन अनियंत्रित हो रहा हैं। बैरियहवां और विद्युत निगम कार्यालय के सामने पूरी सड़क जलमग्न है। नालों से पानी का बहाव न हो पाने के कारण बैरियहवां, रौतापार, लैबुड़वा मोहल्ला की मुख्य सड़कें भी पानी में डूबी हुई है। कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया है। विद्युत निगम कार्यालय परिसर तो पानी से भर गया है। यहां अधिकारियों, कर्मचारियों का कार्यालय तक आना जाना दूभर है।
..
इन मोहल्लों में भरा पानी, आवागमन में कठिनाई
शहर के गांधीनगर क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी, बभनगांवा, बड़ेवन, धर्मशाला रोड, माली टोला, दरिया खां, पिकौरा दत्तूराय, तुरकहिया आदि मोहल्लों में जलभराव हो गया है। मुख्य सड़कों से लेकर गलियाें तक पानी भरा हुआ है। नाले-नालियां भी पानी में डूब गए हैं। सड़क की सतह से जिनके मकान नीचे हैं, वहां घरों में पानी घुस गया है। दिनभर लोग सामान सुरक्षित करते नजर आए। कुछ परिवार पहले मंजिल पर शिफ्ट हुए तो कुछ बेड, तख्त एवं आलमारी में सामान रख रहे थे। घरों से बाहर निकलने में भी मुसीबत झेलनी पड़ी। लोग पानी में घुसकर वाहन चलाते रहे। इस दौरान पैदल राहगीरों को छीटें से सराबोर होना पड़ा।
...
पुरानी बस्ती क्षेत्र की बिगड़ी तस्वीर
लगातार बारिश होने से पुरानी बस्ती क्षेत्र की स्थिति और बिगड़ गई है। दक्षिण दरवाजा से मंगल बाजार तक घुटने भर से अधिक पानी मुख्य सड़क पर लगा हुआ है। पानी अधिक लगने से छोटे पहिया के वाहन इस मार्ग पर नहीं चल पा रहे हैं। यहां छोटे पहिया के कार का आधा हिस्सा पानी में डूब जा रहा है। नाले में भी पानी में गुम है। कुछ घरों में भी पानी घर गया है। नालियों के रास्ते पानी घरों में बहकर जा रहा है। चिकवा टोला, पठान, टोला, निषाद टोला, खटिक टोला में जगह- जगह जलभराव का संकट है। मुरलीजोत आंशिक दक्षिण दरवाजा से महदेव ताल मार्ग पर जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हो गया है। घुटने भर पानी में घुसकर लोग घरों से बाहर सड़क पर पहुंच रहे हैं। रेलवे स्टेशन मार्ग पर नवीन मंडी से स्टेशन तक सड़क पर पानी भर गया है। जबकि यह सड़क अभी महीने भर पहले बनाई गई है।
..
कोतवाली के बैरक, मालखाना में पानी ही पानी
बस्ती- कांटे मार्ग पर स्थिति कोतवाली और जिला उद्योग कार्यालय का परिसर जलमग्न हो गया है। यहां कार्यालयों के अंदर भी पानी भर गया है। कोतवाली में तो जूता- मोजा निकालकर पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को चलना पड़ रहा है। यहां बैरक, मालखाना में भी पानी भर गया है। पुलिस कर्मी अपने बैरकों में तख्त पर बैठकर समय बिता रहे हैं। वहीं संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय परिसर, बेसिक शिक्षा भवन परिसर भी जलमग्न हैं।
विज्ञापन

...
नई कॉलोनियों में बढ़ी दुश्वारी
शहर की नई कॉलोनियों में बारिश की वजह से दुश्वारी बढ़ गई है। महदेव ताल में स्थित बस्ती खास नई कॉलोनी, मंगला कॉलोनी, तुरकहिया, लौकियहवां क्षेत्र की नई कॉलोनी, डड़वा स्थित नई कॉलोनी, मनहनडीह, जामडीह की नई कॉलोनियों में अभी पक्के रास्ते का निर्माण नहीं हुआ है। कच्चे रास्ते पर पानी भरने से फिसलन हो गई है। यहां वाहन तो दूर पैदल चलना भी कठिन हो गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें