बस्ती। मिशन इंद्रधनुष 11 से 16 सितंबर तक सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जुट जाएं। अगस्त में आयोजित इस अभियान में 15260 बच्चे टीकाकरण से छूट गए हैं। अगस्त के अभियान में पांच सबसे खराब उपलब्धि वाले प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को चेतावनी जारी की गई है। यदि सितंबर के अभियान में यही स्थिति रही तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए संस्तुति की जाएगी।
यह निर्देश सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने दिए हैं। वह विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में टीकाकरण की समीक्षा कर रहे थे। अगस्त के टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि पांच सबसे खराब कार्य करने वाली एएनएम को भी चिह्नित किया जाए। निर्देश दिया कि छूटे हुए बच्चों की सही-सही ड्यूलिस्ट तैयार की जाए, अभियान के दौरान बच्चों को टीकाकरण केंद्र तक लाया जाए। इसके लिए आशा, एएनएम तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की जिम्मेदारी तय की जाए। जिस स्थान पर अधिक बच्चों के आने की संभावना हो केंद्र वहीं पर लगाया जाए।
समीक्षा में उन्होंने पाया कि 14 निष्क्रिय आशा में से 9 की सेवा समाप्त की गई है। 37 नवनियुक्त आशा की ट्रेनिंग कराई जा रही है। इसके अलावा सीडीओ ने 81 अन्य रिक्त पदों पर आशा चयन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि सभी निजी चिकित्सालय में सीसीटीवी कैमरा लगवाया जाए तथा यहां पर प्रसूताओं को ले जाने वाली आशा को चिन्हित किया जाए। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मरवटिया में पांच, सल्टौआ में एक, रुधौली में दो ऐसी आशा चिन्हित की गई है। इनके विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए संबंधित एमओआईसी को निर्देशित किया गया है।
बैठक में सीडीओ ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत चिन्हित 42 निजी अस्पताल के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वह मरीज का गुणवत्तापूर्ण समुचित इलाज करें तथा प्रारंभ से ही इसकी रिपोर्ट पोर्टल पर दर्ज करें। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद 17 उप केंद्र पर अभी तक एएनएम की तैनाती न किए जाने पर सीडीओ ने असंतोष व्यक्त किया है। कहा कि 369 केंद्र के लिए 425 से अधिक एएनएम तैनात हैं फिर भी केंद्र खाली रखा जाना आपत्तिजनक है। इसके अलावा कुछ केंद्र पर आवश्यकता से अधिक एएनएम की तैनाती की गई है। इसको ठीक करने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया गया है।
पूर्व में दिए गए निर्देश के अनुपालन में परसरामपुर, हर्रैया, गौर, कप्तानगंज, मरवटिया, बहादुरपुर, बनकटी, भानपुर एवं रुधौली में मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं मिशन मैनेजर की बैठक आयोजित न करने पर भी सीडीओ ने असंतोष व्यक्त किया है। सीडीओ ने सितंबर में इन बैठकों को आयोजित करके ही अभियान संचालित करने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने सीएम के निर्देश के अनुसार सभी अधिकारियों व कर्मियों को अपने-अपने तैनाती स्थल पर रात में निवास करने का निर्देश दिया है।
समीक्षा में पाया गया कि सास, बहू, बेटा सम्मेलन 1078 के सापेक्ष मात्र 160 आयोजित किए गए हैं। परसरामपुर, विक्रमजोत, दुबौलिया, हर्रैया, कप्तानगंज, मरवटिया, कुदरहा, बनकटी, रामनगर तथा नगरी क्षेत्र में एक भी सम्मेलन आयोजित करने की सूचना नहीं है। संचालन डीपीएम राकेश पांडेय ने किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ आरपी मिश्रा, एसआईसी डॉ. एससी कौशल, डॉ. राम प्रकाश, डॉ. एके मिश्रा, डॉ. एके कुशवाहा सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।