बस्ती। मौसम है कि गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। इसी के चलते संक्रामक बीमारियां तेजी से पांव पसार रही हैं। इस बार वायरल फीवर के साथ खांसी, आई-फ्लू, वायरल डायरिया के अलावा डेंगू, जेई, एईएस व मलेरिया भी तेजी से फैल रहा है। इसका कारण वातावरण में आर्द्रता का बढ़ना है। इस मौसम में जब आर्द्रता बढ़ जाती है और तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास होता है तो वायरस ग्रेथ करते हैं और बीमारियां बढ़ रही हैं।
जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज व महिला चिकित्सालय की ओपीडी में इन दिनों 40 से 45 प्रतिशत मरीज वायरल संक्रमण के ही आ रहे हैं।
-
बोले डॉक्टर
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ.अंकित चतुर्वेदी ने बताया कि इन दिनों वायरल फीवर व मलेरिया के अधिक मरीज आ रहे हैं। इसका कारण मौसम है। ठंड पड़ने के साथ ही इन बीमारियों पर लगाम लग जाएगी, मगर अभी स्थिति गंभीर है। हर दिन करीब 40 प्रतिशत मरीज वायरल डिजीज के ही आ रहे हैं।
महिला चिकित्सालय के सीएमएस व विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. पीके श्रीवास्तव ने कहा कि मौसम में आर्द्रता के चलते वायरस ग्रोथ कर रहे हैं। इनकी रोकथाम मौसम ही कर सकेगा। बीमारी से बचने के लिए मौसम के अनुरूप खानपान व आचार व्यवहार रखना होता है।
यह हो सकती हैं बीमारियां
डॉक्टर की मानें तो इस मौसम में इंसेफेलाइटिस, डेंगू, हेपेटाइटिस, इंट्रोवायरस इंस्फेक्शन पीलिया आदि होने के आसार अधिक होते हैं।
-
कैसे करें बचाव
डॉ. पीके श्रीवास्तव के अनुसार संक्रामक बीमारी छूआछूत से होती है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रहें। शुद्ध व साफ पानी पीएं, क्योंकि पानी के संक्रमण से मस्तिष्क ज्वर व पीलिया हो सकता है। सफाई की जरूरत होती है। ऐसे में बार-बार साबुन से हाथ भी धुलें। इस मौसम में ऐसे लोगों को बाहर निकलने से रोकें, जिनकी प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। मसलन गंभीर बीमारी वाले अथवा बुजुर्ग।