बस्ती। जिले के गौर थाना क्षेत्र के एक निजी नर्सिंगहोम में 21 जुलाई को गर्भवती कुर्दा गांव निवासी जैनब (22) को उसके पति अहमद हुसैन ने सीएचसी गौर में भर्ती कराया। गर्भवती प्रसव पीड़ा के चलते जैनब को चिकित्सकों ने जुड़वां बच्चा होने की बात बताई, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। पति का आरोप है कि रास्ते आशा व एबुलेंस चालक ने झांसा देकर उसे गौर पैकोलिया मार्ग स्थित एक निजी नर्सिंगहोम में पहुंचा दिया, जहां नवजातों की जान तो चली ही गई, दूसरी तरफ लापरवाही के चलते प्रसूता ने भी दम तोड़ दिया।
यह मामला तो बानगी है, शहर से लेकर गांव तक तमाम चिकित्सकों के नाम पर फर्जी नर्सिंगहोम फलफूल रहे हैं। इसका खुलासा भी हुआ है और स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई भी की है। 140 नर्सिंगहोम अभी निशाने पर हैं। इन फर्जी नर्सिंगहोमों में मरीजों को पहुंचाने के लिए सरकारी अस्पतालों से जुड़ा बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। इसकी एवज में नर्सिंगहोम की ओर से मोटी रकम अदा की जाती है। आशा, सरकारी एंबुलेंस चालक व झोलाछाप का गठजोड़ लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। इसके चलते गर्भवतियों व प्रसूताओं की जान भी जा रही है।
इसी प्रकार शहर के एक चिकित्सालय में भी जून में एक महिला की मौत निजी नर्सिंगहोम में हुई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए केस दर्ज हुआ। अस्पताल को सीज कराया जा चुका है।
महिला अस्पताल में पकड़ा गया था मामला
करीब एक वर्ष पहले जिला महिला अस्पताल में तत्कालीन सीएमओ ने जांच कराई तो पता चला कि 110 गर्भवती बिना किसी सूचना के अस्पताल से गायब हो गई हैं। इसके खुलासा के बाद अस्पताल में सीसीटीवी लगवाया गया, मगर निजी अस्पताल, आशा, एंबुलेंस चालकों का गठजोड़ अब भी सक्रिय है। अस्पताल के तत्कालीन सीएमएस डॉ. सुधांशु द्विवेदी ने इसको रोकने के लिए ओपीडी में केवल मरीज जाने की व्यवस्था बनाई थी, जिसे अब भी लागू रखा गया है।
-
बोले सीएमओ
शिकायत संज्ञान में है। इसकी जांच कराकर संबंधित आशा व एंबुलेंस चालक पर कार्रवाई होगी। ऐसे निजी नर्सिंगहोम चिह्नित हो चुके हैं, जो बिना चिकित्सक के संचालित किए जा रहे हैं। अपंजीकृत 140 नर्सिंगहोम के लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
-डॉ. आरपी मिश्र, सीएमओ