जिला अस्पताल में इंडोस्कोपी करते चिकित्सक
बस्ती। जिला चिकित्सालय में बुधवार से इंडोस्कोपी जांच शुरू हो गई है। ईएनटी सर्जन डाॅ. एसएस कन्नौजिया, डाॅ. एके मल्ल व डाॅ. प्रियांशु पांडेय ने जांच कर इसकी शुरूआत की।
बता दें कि गले से संबंधित रोगों की डायग्नोसिस एवं उपचार के लिए गले की एंडोस्कोपिक जांच की जाएगी। इसके माध्यम से गले से संबंधित रोगों का पता जल्द से जल्द लगाया जा सकता है। इससे इसका उचित उपचार शुरू हो सकेगा। डॉ. कन्नौजिया ने बताया कि इंडोस्कोपी के माध्यम से गले संबंधित गांठ, छिपे हुए कैंसर, आवाज में बदलाव, सांस लेने में दिक्कत, नाक के पीछे कई टांसिल्स, भोजन निगलने में आने वाली समस्या आदि समस्याओं की जानकारी की जा सकती है।
सीएमएस डॉ. एसके कौशल ने बताया कि यह जांच जिला चिकित्सालय में पहली बार शुरू किया गया है। चिकित्सालय में रोगियों के हित के लिए जो भी आवश्यक उपकरण एवं अन्य सामग्री की आवश्यकता होगी, उसे जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे इस चिकित्सालय में आने वाले रोगियों की जांच कर उचित उपचार बेहतर तरीके से किया जा सके।