राष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी स्मिता। संवाद
- फोटो : BASTI
एकलव्य क्रीड़ा कोष से हैंडबाल खिलाड़ी कनिज और स्मिता को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
बस्ती। दो राष्ट्रीय खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष से प्रोत्साहन राशि मिली है। दोनों खिलाड़ियों ने हैंडबाल में राज्य का प्रतिनिधित्व किया है। अन्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खेल चुके खिलाड़ियों से खेल विभाग प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन मांग रहा है।
शहर के मिल्लत नगर (बेलवाडाड़ी) निवासी कनिज फातिमा हैंडबाल की राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने बताया कि वह अब तक 13 राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खेल चुकी हैं। जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने दो और खेलो इंडिया में एक मेडल प्राप्त किया है। वह स्टेडियम में करीब आठ साल से हैंडबाल की बारीकियां सीख रही हैं। उन्होंने बताया कि खेल निदेशायल ने हाल ही में उन्हें एकलव्य क्रीड़ा कोष से 75 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
शहर के पांडेयडीह निवासी राष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी स्मिता तीन राष्ट्रीय और 10 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खेल चुकी हैं। स्टेडियम में खेल बारीकियां सीखने वाली स्मिता बताती हैं कि उन्हें एकलव्य कोष से 50,000 रुपये देने की घोषणा खेल निदेशालय ने की है। स्मिता राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक मेडल प्राप्त कर चुकी हैं। देश के लिए खेलना उनका सपना है।
राष्ट्रीय खिलाड़ियों की तैयार की जा रही सूची
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि जिले की दो राष्ट्रीय खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष से प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा शासन ने की है। अधिक से अधिक खिलाड़ियों को लाभ दिलाने के लिए सभी की सूची तैयार की जा रही है।
राष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी कनिज फातिमा। संवाद- फोटो : BASTI