बभनान, बस्ती। गोरखपुर-गोंडा रेलखंड के बभनान गौर रेलवे स्टेशन के बीच सुमही गांव के समीप अप ट्रैक पर लगभग 28 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव पाया गया। शव से सिर व उसके कपड़े गायब मिले। शव के पास पड़े आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान अभिमन्यु पुत्र पंचम निवासी गोपालपुर थाना भगवानपुर जिला सिवान बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे बभनान से गौर की तरफ जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन से एक अज्ञात व्यक्ति अप ट्रैक पर गिर गया। इसी बीच अप ट्रैक पर भी मालगाड़ी आ गई जिसकी चपेट में आने से युवक का शव क्षत-विक्षत हो गया है। घटना के समय मालगाड़ी शव को कुछ दूर तक घसीटते हुए आगे ले गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसी दौरान दिवंगत के कपड़े व सिर भी फंसकर मालगाड़ी के साथ कहीं दूर चले चले गए। पुलिस के मुताबिक दिवंगत अपनी पत्नी चंद्र ज्योति के साथ ट्रेन से यात्रा कर रहा था। ट्रेन जब गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ज्योति वहां जाकर जीआरपी वालों से बताई कि उसका पति बभनान-बस्ती के बीच ट्रेन से गिर गया है। प्रभारी निरीक्षक गौर राजकुमार पांडेय ने बताया कि मौत की सूचना दिवंगत के पत्नी को दे दी गई है। वह अपने परिजनों के साथ शाम तक गौर पहुंच जाएगी। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।