- जिले में 49 उपभोक्ता नियमित रूप से ग्रिड कनेक्टेड पैनल का कर रहे उपयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर में ग्रिड कनेक्टेड सोलर सिस्टम लगवाने वाले उपभोक्ताओं को समय से बिल नहीं मिल रहा है। शहर के तुर्कहिया निवासी चंद्रभान शुक्ल सोमवार विद्युत निगम कार्यालय परिसर में बिल बनवाने के लिए आए थे। बताया कि करीब दो माह पहले घर पर ग्रिड कनेक्टेड पैनल लगवाया है, तब से नियमित बिल भी आना बंद हो गया है।
महीनेभर से अधिकारियों ने चक्कर लगा रहा हूं लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। जानकारी के अनुसार, पीएम सोलर योजना के तहत जिले में 367 किलोवाट के 49 उपभोक्ताओं के यहां ग्रिड कनेक्टेड पैनल लगाए जा चुके हैं। जिनका नियमित बिल भी बन रहा है। अब तक योजना में विभाग को 287 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। विभाग की ओर से 190 उपभोक्ताओं को पैनल लगवाने की स्वीकृति भी दी जा चुकी है। चार उपभोक्ताओं के आवेदन खामियों के चलते रिजेक्ट किए जा चुके हैं।
इस संबंध अधिशासी अभियंता नगरीय मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक उपभोक्ता का नियमित बिल नहीं बन पा रहा है। मामला संज्ञान में है कुछ तकनीकी खामी के कारण ऐसा हो रहा है। दो दिनों में समस्या का समाधान हो जाएगा।