बस्ती। जिले की 144 सड़कों को चमकाने के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। काम शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है। इससे जिले के करीब 700 गांवों की जहां सड़कें बेहतर हो जाएंगी, वहीं इन राहों से गुजरने वालों का सफर आसान हो जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय व निर्माण खंड एक के इंजीनियरों ने नवंबर 2023 में सर्वे कर व इस्टीमेट तैयार कर जिले की ग्रामीण क्षेत्रों की 177 किमी सड़कों के मरम्मत व नवीनीकरण की आवश्यकता जताई थी। इनमें कुल 144 सड़कें शामिल हैं, जिनसे 700 गांवों का सीधा आवागमन होता है। इन पर कुल 24.51 करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान लगाया गया था।
शासन ने विभिन्न स्तरीय जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और काम शुरू करवाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा कर एक करोड़ 23 लाख रुपये भी जारी कर दिया है। इससे जल्द ही इन ग्रामीण सड़कों को नए कलेवर में चमकने की उम्मीद बढ़ गई है।
इन प्रमुख सड़कों का होगा जीर्णोद्धार
विभागीय अंभियंताओं के अनुसार बस्ती-गोरखपुर फोरलेन स्थित परसा जाफर से सोनाटी बुजुर्ग मार्ग, बीएमसीटी से बरवाधाम मार्ग, वाल्टरगंज से श्रीपालपुर मार्ग, मीतनपुर से बकैनिया चौबाह मार्ग, वाल्टरगंज चीनी मिल से रैपुरा मार्ग, एलडी रोड स्थित भूअर सराय से कुसमौर मार्ग, शुभम नगर प्राथमिक पाठशाला से सकरहवा होते हुए गंगिया यादवपुरवा मार्ग, मानिकचंद चौराहा से खजुरी मार्ग, केशवापुर गोटवा से चांदचौरा मार्ग, बानपुर घाट पर पहुंच मार्ग, दुबौलिया कप्तानगंज मार्ग से गड़हा ओझा मार्ग, रामजानकी से दोफड़ा मार्ग, एलडी रोड से बेइली-कलवारी मार्ग, रामजानकी मार्ग से थन्हवा मुड़ियारी मार्ग, कुदरहा-लालगंज मार्ग से भक्तूपुर मार्ग व सिकंदरपुर मसकनवा मार्ग से गोरया मार्ग समेत कुल 144 सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा।
जिले में ग्रामीण सड़कों को सुधारने के लिए शासन स्तर पर स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही कार्य शुरू करवाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।
- इं. राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता बस्ती सर्किल, पीडब्ल्यूडी