वित्तीय वर्ष 2022-23 समाप्त होने पर लैप्स हुए धन को शासन ने किया वापस
अधूरी सड़कों को पूरी कराएगा पीडब्ल्यूडी का प्रांतीय खंड
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। तीन सड़कों पर पूर्व में आवंटित धन खर्च न हो पाने के कारण वित्तीय वर्ष 2022-23 में शासन को वापस हो गया था। शासन ने इस धन को अब लौटा दिया है। इससे जल्द ही सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2022-23 से पूर्व दुबौला-पचपेड़वा से कलिगढ़ा होते हुए पतिला मार्ग का निर्माण 1.98 करोड़ व शृंगीनारी-मेढ़ाए-रजवापुर विक्रमपुर धुसैनिया बाबा संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य 21.99 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया था। इसी समय दुबौलिया, पचपेड़वा, बुधईपुर से तकियवा मसजिदिया चरपुरवा मार्ग का निर्माण 2.94 करोड़ रुपये से चालू किया गया था।
इसी बीच 2022-23 का वित्तीय वर्ष समाप्त हो गया, लेकिन दुबौला-पचपेड़वा व पतिला मार्ग पर आवंटित 1.98 करोड़ के सापेक्ष 25 लाख, शृंगीनारी मेढ़ाए धुसैनिया मार्ग पर आवंटित 21.99 करोड़ के सापेक्ष 30 लाख व दुबौला पचपेड़वा से मसजिदिया मार्ग पर आवंटित 2.94 करोड़ के सापेक्ष 29.42 लाख रुपये खर्च हो सके थे। लिहाजा अवशेष धन लैप्स होकर शासन को वापस हो गया था। इनमें से एक करोड़ को अब शासन ने लौटा दिया है, ताकि सड़कों के अधूरे कार्य को पूरा किया जा सके।
-
कोट
लैप्स धन वापस होने से जल्द ही अधूरी सड़कों का निर्माण पूरा करवा दिया जाएगा। इसके लिए प्रांतीय खंड को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं।
- राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी सर्किल बस्ती