बस्ती। डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना में गेहूं बीज अनुदान के लिए आनलाइन आवेदन किए किसानों के खाते में अनुदान की रकम भेज दी गई है। अब तक इस योजना का लाभ 19335 किसान उठा चुके हैं।
इन किसानों को अनुदान के रूप में एक करोड़ 74 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। एक क्विंटल गेहूं बीज पर किसानों को दो हजार रुपये का अनुदान है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार के एक-एक हजार रुपये शामिल हैं।
उप निदेशक कृषि डॉक्टर एसके दुबे ने बताया कि इस योजना में गेहूं के बीज समेत अन्य कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए 55 हजार से अधिक किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। बताया कि धनराशि उपलब्ध न होने के कारण गेहूं प्रदर्शन योजना के कुछ किसानों का अनुदान नहीं भेजा जा सका है। सरकार से अनुदान के लिए 45 लाख रुपये की मांग की गई है।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, डीबीटी में कुल 19335 किसानों ने विभिन्न एजेंसियों से 10084 क्विंटल गेहूं बीज खरीदा। सरकार की ओर से एक करोड़ 74 लाख रुपये का अनुदान दिया गया। इनमें कृषि विभाग ने 7137, सहकारिता ने 2420, यूपी एग्रो ने 124, बीज विकास निगम ने 221, आईएफडीसी ने 182 सहित अन्य एजेंसी ने किसानों को गेहूं का बीज बेचा।
नियमानुसार पहले किसानों को गेहूं का बीज खरीदना है, बीज खरीदने की पुष्टि जब जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के यहां से हो जाती है तो उसके बाद उप निदेशक कृषि कार्यालय किसानों के खाते में अनुदान की धनराशि भेजता है। उसी के तहत किसानों के खाते में एक करोड़ 74 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई।