कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद हरीश द्विवेदी ने प्रेस वार्ता की।
बस्ती। सांसद हरीश द्विवेदी ने पिछले छह वर्ष में हुए कामों को गिनाया। बताया कि प्रदेश में चल रहा गुंडाराज समाप्त हो गया है। यहां पर कानून का राज है। किसी भी प्रदेश व देश का विकास वहां की कानून व्यवस्था पर निर्भर करता है। कानून का राज स्थापित होते ही प्रदेश की विकास की दौड़ में आगे बढ़ गया।
सांसद कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के लाइव प्रसारण के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि एक तरफ प्रदेश में हाईवे व एक्सप्रेस वे बने तो बस्ती में भी मखौड़ा से 84 कोसी परियोजना के तहत महामार्ग का निर्माण हो रहा है। पहले और दूसरे दोनों चरणों में बस्ती में महामार्ग बनेगा, जिससे क्षेत्र का विकास होगा। बस्ती में रिंग रोड का काम शुरू होने वाला है। रामजानकी मार्ग और कलवारी रुधौली मार्ग हाईवे बन चुका है।सांसद द्विवेदी ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनते ही पहले चरण में बस्ती का मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुआ था, जो अब तेजी से चल रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण पूरा हो गया है। जल्द ही यह कॉलेज संचालित होने लगेगा। बीएमसीटी मार्ग का टेंडर होने जा रहा है। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, राजकीय पॉलीटेक्निक हर्रैया का निर्माण चल रहा है। 34 करोड़ की लागत से 33 पर्यटन स्थलों का विकास हो रहा है। जिले में 51215 प्रधानमंत्री आवास बन गए हैं। हर्रैया में 100 बेड के अस्पताल का संचालन शुरू हो गया है। 55 करोड़ रुपये शादी अनुदान योजना में खर्च हुआ है। मुंडेरवा चीनी मिल की स्थापना होने के बाद किसानों को बड़े पैमाने पर लाभ मिला है। प्रधानमंत्री गैस कनेक्शन योजना में तीन लाख से अधिक लोगों को कनेक्शन मिला।