दुबौलिया थाने के खदरा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। खदरा गांव में संदिग्ध हालात में 23 वर्षीय युवती का शव दुपट्टे के सहारे कटहल के पेड़ से लटका मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले परिजन शव को पेड़ से उतार दिया था। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, खदरा गांव से करीब 150 मीटर दूर उतर सिवान में लाल बहादुर चौधरी का दो कमरों का मकान है, जहां कोई रहता नही है। सिर्फ भूसा रखा जाता है। बुधवार सुबह गांव का एक व्यक्ति खेत की सिंचाई करने पहुंचा तो मकान से सटे कटहल के पेड़ से लटका शव देखकर शोर मचाया।
पास जाकर देखा तो लाल बिहारी चौधरी की 23 वर्षीय पुत्री बिंदू चौधरी के रूप में पहचान करने के बाद उसके घर जाकर जानकारी दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिग टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि युवती की मौत का कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बिंदू के पिता लाल बिहारी चौधरी ने बताया कि मंगलवार शाम को बेटी ने खाना बनाकर मुझे खिलाया। भाइयों के साथ खुद भी खाना खाया। रात में कब घर से खेत में बने घर की तरफ चली गई, इसकी जानकारी नहीं है। बिंदू चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर की थी।
मां फूलेसरा देवी तीन माह पहले बेटे विपिन के पास मुंबई छोटी बेटी को लेकर चली गई है। बिंदू का बड़ा भाई प्रदीप हैदराबाद में मेहनत मजदूरी करता है। घर पर दो अन्य भाई चंद्र पाल व सुधीर रहते हैं। पिता राजगीर मिस्त्री हैं और कैंसर से पीड़ित हैं। पिता ने बताया की मुझे कैंसर होने से बेटी बिंदू चिंतित रहती थी।