छत के कुंडे से लटकता मिला युवती का शव
रुधौली (बस्ती )। सोमवार देर शाम थाना क्षेत्र के बखरिया गांव में 19 वर्षीय रानी उर्फ सलोनी पुत्री राम नरेश सोनी का शव घर की छत के कुंडे से लटकता हुआ मिला। बेटी का शव कुंडी से लटका हुआ देख मां संध्या देवी के होश उड़ गए और वह वहीं जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में इसकी सूचना ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह व विधि विज्ञान की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कुंडी से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के संबंध में युवती की मां संध्या देवी ने बताया कि वह छत पर जाने वाली सीढ़ी पर बैठकर स्वेटर बुन रही थी। कुछ देर बाद वह उसे किसी काम के लिए बुलाने लगी तो उसकी आवाज नहीं आई। जब वह घर में उसे ढूंढने लगी तो देखा कि कमरे में उसका शव कुंडे से लटका हुआ था। प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।