कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के भीटा गांव में सोमवार को नदी में डूबने से युवती की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाॅल्टरगंज थाना क्षेत्र के ढोरिका गांव की रहने वाली 18 वर्षीय सपना पुत्री दिनेश कुमार बचपन से कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भीटा गांव में अपने मौसा भरतराम के घर रहती थी। परिजन के मुताबिक सपना काफी दिनों से मानसिक रोग से पीड़ित थी। यहीं पर वह पढ़ाई भी कर रही थी। सोमवार की दोपहर में वह घर से गांव के तालाब के निकट गई थी तभी उसका पैर फिसल गया। जिससे वह गहरे पानी में चली गई। सपना को डूबते देखकर एक ग्रामीण ने परिजन को सूचना दी। ग्रामीणों ने उसे तालाब से बाहर निकालकर सीएचसी कप्तानगंज ले गए जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कप्तानगंज के एसओ आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद ही सच्चाई का पता चल पाएगा।