आईजी की मासिक अपराध गोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंडल के सभी पुलिस कर्मियों व अन्य कर्मचारियों के हेल्थ कार्ड बनवाए जाएंगे। ड्राइविंग लाइसेंस वाले सभी कर्मियों को अस्थायी चालक का काम देने के लिए उनका प्रशिक्षण कराया जाए। राजनैतिक पार्टियों, संगठनों से सूचना एकत्रित करने के लिए एलआईयू कर्मचारी को नियुक्त किया जाए। एलआईयू के कर्मचारी क्षेत्र में रहकर सूचना संकलित करें तथा प्रतिदिन क्षेत्राधिकारी को रिपोर्ट करें।
यह निर्देश आईजी आरके भारद्याज ने दिए हैं। वह बृहस्पतिवार को आईजी सभागार में अपराध की मासिक समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर राजपत्रित अधिकारी थानों व शाखाओं का आकास्मिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक व वार्षिक निरीक्षण नियमानुसार करें। प्रत्येक शाखा प्रभारी प्रत्येक माह अपनी शाखा का निरीक्षण करें। उन्होने निर्देश दिए कि अपराध होने पर केस दर्ज कराएं तथा लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण शीघ्र निस्तारण कराएं। फरियादियों की समस्याओं को नम्रता पूर्वक सुनकर भरोसा दिलाकर उसकी समस्याओं का निस्तारण कराएं।
उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस पर डाटा फीडिंग लगातार कराते रहें। जनपदीय प्रशिक्षण केंद्र में माड्यूल बनाकर कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराएं। जिले स्तर पर क्षेत्राधिकारी की समीक्षा माह में दो बार की जाय। उन्होंने पुलिस लाइंस का मास्टर प्लान बनाने तथा सरकारी आवास आंवटन के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर बस्ती के एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, सतंकबीर नगर के एसपी सत्यजीत गुप्ता, सिद्धार्थनगर की एसपी प्राची सिंह आदि मौजूद रहीं।