बस्ती। अलग-अलग थानों की पुलिस ने ऐसे 16 आरोपियों को चिन्हित किया है जो चोरी, पशु तस्करी,अवैध शराब बनाने का गिरोह संचालित करते हैं। सभी पर समाज विरोधी क्रिया कलाप और गिरोहबंद अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
कोतवाल शशांक शेखर राय ने बताया कि चोरी करने के आरोपी फरहान अहमद, साजिद हुसैन उर्फ सादिक उर्फ गोली, शहजाद उर्फ जादू, सिराज निवासी कंचन टोला गांधीनगर थाना कोतवाली और महमूद आलम उर्फ गुड्डू निवासी तुरकहिया थाना कोतवाली को गैंगेस्टर के तहत पाबंद किया गया है।
एसओ पुरानी बस्ती ने बताया कि गोवंशीय पशु तस्करी के तीन आरोपियों को गैंगस्टर में पाबंद किया गया है। इनमें आरोपी मो. इरसाद निवासी भेलसर थाना रुधौली जनपद अयोध्या, रिंकू निवासी बेलवारपार थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ और रवि कुमार निवासी केदलीपुर थाना बरदह जनपद आजमगढ़ शामिल हैं।
इसी तरह हर्रैया पुलिस ने भी गोवंशीय पशुओं की तस्करी करने के दो आरोपितों सुग्गु और सद्दाम निवासी बाबू खम्हरिया कब्रिस्तान थाना हर्रैया को गैंगस्टर में पाबंद किया है। परशुरामपुर पुलिस ने गोवंशीय पशुओं का वध करने व अवैध रूप से परिवहन के आरोपी अब्दुल रहमान उर्फ शनी और मो. अमीर उर्फ जुनैद निवासी हैदराबाद थाना परसरामपुर पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इसी तरह अवैध शराब निर्माण व बिक्री करने के आरोपी राजेन्द्र वर्मा, प्रेम कुमार निवासी बेलभरिया थाना परशुरामपुर को भी गैंगस्टर एक्ट में पाबंद किया गया है। मुंडेरवा पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की तस्करी के आरोपी इस्तेयाक उर्फ बिलइया निवासी जमोहट थाना महुली जनपद संतकबीरनगर और बानी निवासी जमोहट थाना महुली जनपद संतकबीरनगर पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है।