संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में केस दर्ज किया है। आरोप है कि गर्भ रुक जाने पर गर्भपात भी करा दिया। उससे नकदी व जेवर भी हड़प लिए। बाद में शादी से इंकार कर दिया।
कोतवाल शशांक शेखर राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर जांच की जा रही है। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने तहरीर देकर बताया है कि शिव कुमार यादव पता अज्ञात शहर कोतवाली में एक किराए के मकान में रहने के दौरान उनके संपर्क में आया। शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। गर्भ रुक जाने पर धोखे से दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। आरोप है कि उनका सारा जेवरात एक ज्वेलर्स की दुकान पर गिरवी रखवाकर अपनी पिकअप गाड़ी का बकाया किस्त जमा कर दी। साथ ही उसके पास पहले से मौजूद 43 हजार रुपये भी ले लिए। शादी के लिए कहने पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और जानमाल की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी शिवकुमार यादव समेत दो के खिलाफ आईपीसी व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।