- मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने रिपोर्ट दर्ज करने का दिया आदेश
- कुवैत भेजने के लिए 3.31 लाख लेकर थमा दिया फर्जी वीजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशीष कुमार राय ने कोतवाली पुलिस को विदेश भेजने के नाम पर छल व ठगी कर तीन लाख 31 हजार रुपये की ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
हर्रैया थाना क्षेत्र के बड़हर कला निवासी पृथ्वी राज व बॉबी देओल ने अधिवक्ता एसएन दूबे के माध्यम से न्यायालय में अर्जी देकर कहा कि तीन अप्रैल 2023 को शहर के तिरंगा चौराहे पर संतकबीरनगर के अहिरौली निवासी जाबाज अहमद व हर्रैया के बड़हर कला निवासी राम नसीब कुवैत भेजने के लिए शिविर लगाए थे।
गांव के ही राम नसीब के कहने पर हम लोग भी शिविर में गए। जहां जाबाज ने बताया कि उनके पास कुवैत का 100 वीजा पड़ा है। उसने वीजा देने के एवज में प्रत्येक से डेढ़ लाख रुपये और पासपोर्ट मांगा। बताया कि झांसे में आकर दोनों ने मौके पर ही 60-60 हजार रुपये नकद दिया और बाकी रुपये अप्रैल में ही ऑनलाइन के माध्यम से जाबाज के बैंक खाते में भेजा, तब आरोपी जाबाज व राम नसीब ने पीड़ितों के मोबाइल फोन पर वीजा व एयर टिकट भेजा। साथ ही फोन पर बताया कि दस्तावेज एयरपोर्ट पर मिल जाएगा।
पृथ्वी राज व बॉबी देओल जब एयरपोर्ट पहुंचे तो जाबाज और राम नसीब ने उन्हें टिकट व वीजा दिखाया। जाबाज ने कहा कि अंदर से मोहर लगवाकर कागजत दे रहा हूं। फिर दोनों चले गए और दोबारा नहीं लौटे। एयरपोर्ट पर पृथ्वी राज व बॉबी देओल को परेशान देखकर अधिकारियों ने पूछताछ किया। जिस पर उन्होंने मोबाइल फोन पर मिले वीजा व टिकट को दिखाया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने वीजा व टिकट को कूटरचित व अवैध बताया। एयरपोर्ट से दोनों घर लौट आए और आरोपी जाबाज व राम नसीब से रुपये की मांग करने लगे। दोनों ने रुपये देने से इन्कार करते हुए कहा कि दोबारा मांगा तो जान से मार दूंगा। पीड़ित ने सभी सरकारी फोरम पर इसकी शिकायत दर्ज कराई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अंत में न्यायालय की शरण में गए। जहां न्यायाधीश ने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया।