मुंडेरवा क्षेत्र के परसा हज्जाम के पास हुआ हादसा, ट्रक चालक व खलासी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के हाईवे पर परसा हज्जाम के पास मिल्क प्रोडक्ट लदे कंटेनर को मोड़ते समय बेकाबू ट्रक टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसे में ट्रक चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। कंटेनर चालक व खलासी मौके से फरार हो गए। दोनों वाहन सड़क पर पलटने की वजह से तीन घंटे हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक व कंटेनर को सड़क से किनारे कराकर आवागमन बहाल कराया।
जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के वहनपुर निवासी गजेंद्र सिंह नासिक से ट्रक में अंगूर लादकर मैनपुरी निवासी खलासी रणजीत के साथ मुज्जफुरपुर, बिहार जा रहा था। परसा हज्जाम के पास एक ढाबे के सामने कंटेनर चालक गाड़ी को मोड़ रहा था। इसी बीच दोनों में टक्कर हो गई। उसके बाद दोनों वाहन सड़क पर ही पलट गए।
दोनों वाहनों पर लदे सामान भी सड़क पर बिखर गए। खझौला चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार सिंह घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। बस्ती-गोरखपुर लेन पर दोपहर तीन से शाम छह बजे तक आवागमन बाधित रहा। क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। जाम की वजह से परसा मुजहना में बने कट के पास से वाहनों को डायवर्ट कर निकलवाया गया। जिला अस्पताल में भर्ती खलासी रणजीत ने बताया कि ट्रक वह चला रहा था।