- भद्रेश्वरनाथ में आरसीसी सड़क के दोनोें तरफ बनी थी बिना ढक्कन की नाली
- घरों के सामने लोगों ने पाट दी नाली, बाकी बारिश में बहकर भरकर गई मिट्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में एक साल पहले सड़क और नाली निर्माण पर चार करोड़ रुपये खर्च हुए थे। जिला पंचायत की इस सड़क को पीडब्ल्यूडी ने बनवाया था। ग्राम पंचायत और जिला पंचायत अब इसे मिलकर संरक्षित नहीं कर पा रहा है। साल भीतर ही आबादी क्षेत्र में आरसीसी सड़क के दोनों तरफ बनाई गई नाली मिट्टी से पट चुकी है। यहां पानी का बहाव नहीं हो पा रहा है। तेज बारिश हुई तो सड़क पर पानी भर जाएगा। इससे सड़क की भी सुरक्षा खतरे में है।
शहर से आठ किमी दूरी पर स्थित बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में श्रावण मास में शिवभक्तों की धूम रहती है। सामान्य दिनों में भी यहां श्रद्धलुओें का तांता लगा रहता है। डारीडीहा से भद्रेश्वरनाथ तक की सड़क एक वर्ष पहले तक चलने लायक नहीं थी। पीडब्ल्यूडी निर्माण इकाई ने इसके पुर्ननिर्माण का बीड़ा उठाया। तीन किलोमीटर लंबी सड़क और आबादी क्षेत्र में दोनों तरफ नाली निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये का बजट स्वीकृति हुआ। हॉट मिक्स प्लांट से डारीडीहा से भद्रेश्वर नाथ गांव के पहले तक सात मीटर चौड़ी काली सड़क बनाई गई। इसके बाद मंदिर तक लगभग पांच सौ मीटर की लंबाई में आरसीसी सड़क और इसके दोनों तरफ नाली का निर्माण कराया गया।
इस दूरी में जलभराव की समस्या के चलते तारकोल मिक्स सड़क नहीं टिकती रही है। इस वजह से आरसीसी सड़क के साथ नाली निर्माण हुआ। ताकि न जलभराव की समस्या रहे और न सड़क असुरक्षित रहने पाए। मगर निर्माण के बाद उलटा हो गया। लोग अपने घरों के सामने आवागमन के लिए मिट्टी डालकर नाली पाट लिए हैं। ऊपर से नाली के लिए खोदी गई मिट्टी सड़क के किनारे ही छोड़ दी गई थी। बारिश हुई तो यह भी बहकर नाली में ही भर गई है।
ढाई सौ मीटर लंबाई में दोनों तरफ बनाई गई नाली मिट्टी से भरकर गई है। इसकी उपयोगिता नहीं हो पा रही है। गनीमत यह कि सड़क ऊंची होने के कारण अभी बारिश का पानी अगल- बगल के खेतों में भर रहा है। यदि बारिश और हुई तो सड़क पर भी पानी भर सकता है। जिससे सड़क के अस्तित्व भी खतरे में हो जाएगा।
जहां जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होती है, या बारिश होने पर पानी एकत्र होता है, ऐसी जगहों पर आरसीसी सड़क ही बनाई जाती है। अगल-बगल नाली बना दिए जाने से यह सड़क टिकाऊ हो जाती है। इस लिए कस्बों में आबादी वाले क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम के साथ आरसीसी सड़क तैयार की जाती है।
- सचिन मिश्र, सिविल इंजीनियर
नाली पर ढक्कन डालने का प्रावधान नहीं है। जलनिकासी के लिए सड़क के दोनों तरफ नाली निर्माण कराया गया है। इसके सफाई की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत की है। ग्रामीणों को जागरूक रहना चाहिए। नाली पाटने से जलभराव होगा तो इससे सड़क खराब होगी।
- इं. अभिषेक सिंह, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी