पुलिस ने 19 ड्रम तारकोल भी बरामद किए, सरगना फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज पुलिस और एसओजी टीम ने 25 दिन पहले हुई तारकोल चोरी के मामले में चार लोगो गिरफ्तार किया है। इनके पास से टीम ने चोरी में प्रयुक्त होने वाला दो पिकअप व 19 ड्रम तारकोल भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह का सरगना फरार है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिकौरासानी में हाईवे से सटे एक नेता का कार्यालय है। इसी कार्यालय परिसर में सड़क निर्माण के लिए सैकड़ों ड्रम तारकोल रखे थे। 28 फरवरी 2024 को परिसर से चोरों ने 40 ड्रम तारकोल चहारदीवारी तोड़कर चुरा लिया। घटना के बाद कॉन्ट्रेक्शन कंपनी की प्रोपराइटर अखिलेश कुमारी ने 40 ड्रम तारकोल चोरी की सूचना कप्तानगंज थाने में देकर केस दर्ज कराया था।
इसके बाद चोर फिर से दो मार्च को 14 ड्रम तारकोल चुरा ले गए। मामले का खुलासा करने के लिए स्वॉट, एसओजी और पुलिस टीम लगी हुई थी। टीम ने हरिनगर थाना ठाकुरगंज लखनऊ से विनय निषाद, लक्षमण, इरफान, करन, निवासी गांधीनगर थाना जगदीशपुर जिला अमेठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों पर विधिक कार्रवाई करते हुए शनिवार दोपहर में न्यायालय भेज दिया।कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे ने बताया कि तारकोल चोरी मामले में चार आरोपी पकड़े गए हैं। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।