बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पांडेय बाजार बांसी रोड स्थित मारवाड़ी मंदिर के सामने रामजानकी, लक्ष्मण, देवी और भगवान शिव के मंदिर को बुलडोजर लगाकर ढहाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की अपील की है। विधायक ने कहा कि यह एक बड़े वर्ग के लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। विधायक ने बताया कि मारवाड़ी मंदिर के पास स्थापित इस मंदिर का निर्माण 1956 में तत्कालीन ट्रस्टी जिलेबा देवी ने कराया था। जो वर्तमान में नगर पालिका के अभिलेखों में मकान नंबर 571 से दर्ज है। इसमे राम जानकी, मां दुगा, लक्ष्मण और भगवान शंकर मंदिर के नाम दर्ज है। पूर्व विधायक ने बताया कि एक षड्यंत्र के तहत मंदिर को गिराया गया है। यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो इससे समाज में अराजक तत्वों का बोलबाला होगा।