बस्ती। मंडल में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला के लिए भवन की इसी वर्ष हो तैयार हो जाएगी। इसके निर्माण के लिए मंडल मुख्यालय पर राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज के पास तकरीबन 0.435 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित कर लिया गया है। इसके निर्माण पर 23.24 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
अभी जिले व मंडल के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी व निरीक्षक खाद्य पदार्थों का नमूना लेकर जांच के लिए लखनऊ, बनारस व अन्य जगहों पर भेजते हैं। लिहाजा उनकी जांच में जहां देरी होती है, वहीं मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई होने में लंबा समय लग जाता है। यही नहीं लोगों को यह भी शिकायत रहती है कि जांच में देरी के कारण उनका नमूने के रूप में लिया गया खाद्य पदार्थ गुणवत्ताविहीन हो गया।
करीब चार वर्ष पहले मंडल मुख्यालय पर इसके स्थापना की सहमति शासन ने दी थी। उसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। अब इसके स्थापना को शासन की ओर से हरी झंडी दे दी गई है। इसका निर्माण यूपी सिडको यानी उत्तर प्रदेश समाजकल्याण निर्माण निगम कराएगी। शासन की हरी झंडी के बाद यहां निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है।
-
दर्जन भर कमरों से सुसज्जित होगी प्रयोगशाला
यूपी सिडको के अभियंताओं के अनुसार प्रयोगशाला के लिए 12 कमरों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें प्रयोगशाला प्रभारी कक्ष, कार्यालय कक्ष, नमूना प्राप्ति कक्ष, कोडिंग कक्ष, नमूना स्टोरेज कक्ष, संयंत्र कक्ष, रासायनिक प्रयोगशाला कक्ष, विश्राम कक्ष, हाट कक्ष, अभिलेख कक्ष, स्टोर व प्रसाधन का इंतजाम किया जाएगा।
-
दीपावली तक तैयार हो जाएगा भवन
खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का निर्माण तेजी से कराया जाएगा। इसके लिए सहायक अभियंता व अवर अभियंताओं की टीम लगातार निगरानी कर रही है। दीपावली तक भवन तैयार हो जाएगा।
- इं. सत्यप्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता यूपी सिडको बस्ती