वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के सिहबरा गांव में मंगलवार को हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई। आरोप है कि नशे की हालत में पाए गए एक युवक को गांव के प्रधान सहित पांच लोगों ने बिजली के खंभे से बांधकर करंट देने की कोशिश की। पीड़ित जावेद कुरैशी के पिता मखसूर कुरैशी ने थानाध्यक्ष वाल्टरगंज को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों ने मिलकर जावेद को पहले बुरी तरह पीटा, फिर बिजली के खंभे से बांध दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे करंट लगाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने पर जावेद की मां और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। घायल जावेद का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है। थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद