मोहित हत्याकांड : अब तक 15 आरोपी किए जा चुके हैं गिरफ्तार
शव को ठिकाने लगाने वाले तीन आरोपियों का नहीं लग सका सुराग
12 जुलाई को अपहृत कर हुई थी मोहित यादव की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मोहित अपहरण और हत्याकांड के पांच अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी सत्यम गुप्ता भी शामिल है, जिसकी वजह से पूरी घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है। इस केस में अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हत्या कर शव ठिकाने लगाने वाले तीन आरोपियों का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने मोबाइल का इस्तेमाल बंद कर दिया है। इसीलिए सर्विलांस या अन्य तकनीकी के जरिये उनका कहीं पता नहीं चल पा रहा है।
मंगलवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पुलकित जैन निवासी गांधीनगर थाना कोतवाली, सत्यम गुप्ता निवासी मेन रोड पिकौरा बक्स गांधीनगर कोतवाली, मो. आशिफ इद्रीशी निवासी सढ़री थाना लालगंज, अमित सिंह निवासी गौसपुर थाना कलवारी और विपिन गुप्ता निवासी सोखापुरवा उर्फ छरौछा थाना लालगंज शामिल हैं।
इससे पहले रहस्यमयी बने इस केस में मोहित यादव के मकान मालिक ने सिर्फ पांच नामजद व अन्य पर एफआईआर दर्ज की गई थी। मगर, सीसीटीवी फुटेज और गिरफ्तार आरोपियों के बयान के आधार पर नाम बढ़कर 20 हो चुके हैं। इनमें से 10 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इनमें निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह निवासी चंगेरवा बाबू थाना लालगंज, प्रेरित पाल उर्फ गोरख निवासी भरवलिया थाना लालगंज, अनुद्राक्ष पांडेय निवासी डोमसरा थाना त्रिलोकपुर जनपद सिद्धार्थनगर, मोनू जायसवाल, अमन गुप्ता, करन जायसवाल, सादिक उर्फ सुद्दू के अलावा प्रतीक मिश्रा निवासी निपानिया थाना कोतवाली, विवेक पाल निवासी कटौधा और आशुतोष पाठक निवासी हवेली खास बड़ेवन शामिल हैं।
...
यह है घटना
कोतवाली क्षेत्र के पिकौरा दत्तुराय निवासी अविनाश सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12 जुलाई को दिन में दो बजे मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन करके बताया कि उनके घर में मारपीट व तोड़-फोड़ की जा रही है। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि मोहित यादव जो उनके यहां किराये पर कमरा लेकर रहता था, उसे आदित्य विक्रम सिंह, पुलकित गर्ग, सत्यम कसौधन, मोनू, सैय्यद इलहान व उनके साथ अन्य बहुत सारे लड़के आकर कमरे में घुस कर उसे मार रहे थे। तोड़-फोड़ भी किये। मोहित जब बाथरूम में घुसा तो आरोपित उसे वहां से खींचकर नीचे ले जाकर कुछ दूर पैदल चलते हुए मुख्य मार्ग पर आकर चार पहिया वाहन से अपहरण कर हत्या करने की नियत से लेकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया था।