पहले सोमवार को शिव मंदिरों में गूंजा हर-हर महादेव
भद्रेश्वरनाथ समेत कई मंदिरों पर उमड़े श्रद्धालु, शाम तक भगवान भोलेनाथ का किया गया जलाभिषेक
रुद्राभिषेक के लिए लोगों को करना पड़ा घंटों इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। श्रावण मास के पहले सोमवार को श्रद्धालु भगवान शिव को जलाभिषेक करने को आतुर दिखे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवालयों पर श्रद्धालुओं का रेला लग गया। सड़क पर कांवड़ियों के जयकारों और मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज से वातावरण शिवमय हो गया।
शहर के कंपनीबाग, कटरा, गांधीनगर, पुरानी बस्ती, पुलिस लाइन रोड, अमहट आदि स्थानों पर स्थित शिवालयों में भी शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। इस दौरान पुलिस का कड़ा पहरा रहा। भद्रेश्वरनाथ मंदिर पर रात तीन बजे से ही शिव भक्त पहुंचने लगे। भोर होते-होते जलाभिषेक करने वालों का तांता लग गया। शाम तक जलाभिषेक के लिए आस्थावानों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस बीच रुद्राभिषेक के लिए लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा। अभिषेक के लिए पंडितों की भी किल्लत रही। वहीं जो मंदिर नहीं जा सके, उन्होंने घरों में ही फूल, बेलपत्र, अक्षत, भांग, धतूरा चढ़ाकर महादेव का जलाभिषेक किया। बड़ी संख्या में लोगों ने व्रत भी रखा।
इसके अलावा भारीनाथ, महादेवा, हरदेवनाथ, देवरिया, तिलकपुर, शोहरतनाथ आदि शिवमंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल चढ़ाया। बस्ती शहर के कंपनी बाग, कटरा, गांधीनगर, अमहट, पुलिस लाइन रोड, बाबा बचनदास, नरहरिया, करुआ बाबा स्थित शिवमंदिरों पर भी शिवभक्तों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा, कनेर, मदार पुष्प आदि चढ़ाकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया।
मंदिर के बाहर जाम से जूझते रहे भक्त
भद्रेश्वरनाथ शिव मंदिर पर सुबह छह से नौ बजे तक शिव भक्त जाम से जूझते रहे। वाहनों के पार्किंग की माकूल व्यवस्था न होने के कारण मंदिर के आसपास कई वाहन बेतरतीब खड़े रहे। तमाम वाहन मंदिर के रास्तों पर फंस गए। इससे दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हुई। हालांकि कई सब इंस्पेक्टर और सिपाही मंदिर परिसर में तैनात थे, मगर भारी भीड़ के चलते व्यवस्था बनाने में उन्हें मशक्कत करनी पड़ी।
-----------
धूप और गर्मी से हुए बेहाल
सुबह सात बजे से ही तेज अपना असर दिखाने लगी। जिससे तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर होने पर तापमान बढ़कर 39 डिग्री पहुंच गया। ऐसे में भीड़ में खड़े श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भद्रेश्वरनाथ समेत कुछ मंदिरों पर पेड़ की छाया रही, लेकिन ज्यादातर मंदिर परिसर में धूप ने शिवभक्तों की कड़ी परीक्षा ली।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी झलकी आस्था
फोटो-
हरदेव नाथ, पांऊ, कौलेश्वरनाथ व गौरिया के शिवालयों में जुटे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। ग्रामीण क्षेत्र के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भोर से ही ओम नम: शिवाय व हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
क्षेत्र के कौलेश्वर नाथ मंदिर कलवारी, महेश्वरनाथ मंदिर भोयर, सोमेश्वर नाथ मंदिर पांऊ, हरदेव नाथ मंदिर बहादुरपुर, शिव मंदिर खखोरा और शिव मंदिर चकदहा, कुसौरा, गोरिया, लक्ष्मणपुर, कनैला, अगौना व गौसपुर सहित अन्य शिवमंदिरों में जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने व सुरक्षा को देखते हुए थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस की कई टीम दोपहर तक जुटी रही।