बस्ती। शहर के मालवीय रोड स्थित किराना स्टोर और गोदाम में बुधवार रात शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। जिसमें करीब 20 लाख का समान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि दुकान में रखे गैस सिलिंडरों में आग नहीं लगी। कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास काॅलोनी निवासी संजय गुप्ता की डाॅ. आरपी सिंह की गली में शक्तिनगर काॅलोनी स्थित राधेश्याम शुक्ला के मकान में किराए का कमरा लेकर किराना स्टोर की दुकान है। जिसे संजय का बेटा दीपांशु चलाता है। बुधवार रात नौ बजे तक सभी लोग जन्माष्टमी मनाने में तल्लीन थे, उसी समय शाॅर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची मगर तब तक आग बगल के संजय गुप्ता के भाई अरविंद गुप्ता के गोदाम में लग चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार संजय के अनुसार उनकी दुकान का करीब 10 लाख और भाई के गोदाम का 12 लाख रुपये का सामान जल गया।