बस्ती। शहर के गांधीनगर मुख्य बाजार में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब पुलिस चौकी के बगल की एक जूते-चप्पल की दुकान में शार्ट-सर्किट से आग लग गई। कुछ देर में ही आग तेजी से फैल गई और पूरी दुकान को अपनी जद में ले लिया। आसपास के दुकानदार भी भयभीत हो गए। दुकानदार समेत अन्य लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। सूचना पाकर थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर पूरी तरह काबू पाया लिया। दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
शहर के गांधीनगर बाजार में पुलिस चौकी के करीब सगे भाई नौशाद अली व आमीन अली ने जूते-चप्पल का शोरूम खोल रखा है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब सवा नौ बजे दुकान खोलते ही अचानक शार्ट-सर्किट से आग लग गई। तेजी से फैली आग से दुकान के अंदर रखा सामान जलने लगा। यह देख स्थानीय लोगों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
चौकी गांधीनगर की टीम भी पहुंच गई। सूचना पाकर थोड़ी देर में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने बताया कि दुकान खोलते समय शार्ट-सर्किट होने से आग लगी थी, जिसे काबू में कर लिया गया। क्षति का आंकलन किया जा रहा है।