रूधौली क्षेत्र में आग लगने से जलकर राख हुआ छप्पर।
आग का कहर जारी, झुलसने पांच बकरियों की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के गांवों में आग लगने से हर्रैया में कबाड़ के गोदाम व रुधौली में एक छप्पर जल गया। पांच बकरियों की झुलसने से मौत हो गई। फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार, हाईवे से सटे विशेश्वरगंज जाने वाली सड़क के किनारे बड़हर कला गांव के सिवान में बुधवार शाम अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आकर कबाड़ का गोदाम धू-धू कर जल गया। घरेलू सामान भी जल गए। गांव निवासी भारत कुमार के गेहूं के खेत में मड़ाई के बाद खड़े डंठल में अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई। आग की लपटों की चपेट में आने से सड़क किनारे बने कबाड़ के गोदाम में रखे प्लास्टिक के सामान जल गए। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तब आग पर काबू पाया।
रुधौली प्रतिनिधि के अनुसार, बारीजोत के हीरा लाल के छप्पर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते कि तब तक आग पूरे छप्पर को अपने चपेट में ले लिया। छप्पर में बंधी सात बकरियों में पांच बकरियों की झुलस कर मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गईं। छप्पर में रखे दो साइकिल, बिस्तर, कपडा, गेहूं, चावल, दो चारपाई समेत समान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। परिजनों ने आग लगने की सूचना तहसील प्रशासन को दी है।