भानपुर। आग की घटनाओं की रोकथाम और उससे होने वाले नुकसान को कम करने के लिए ब्लॉकवार तैयार किए गए अग्नि सचेतकों को बुधवार को अग्निशमन कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। अग्निशमन अधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने बताया कि अग्निशमन विभाग की ओर से सभी को एक सप्ताह की ट्रेनिंग दी जाएगी। सभी सचेतक आगजनी की घटना में विभाग के मददगार होंगे। उन्होंने कहा कि हर वर्ष आग लगने से काफी नुकसान होता है। आग लगने के दौरान क्या करना चाहिए, कैसे अग्निशमन विभाग को सूचना दी जानी चाहिए सहित अन्य जानकारी के अभाव में लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। सबसे ज्यादा क्षति ग्रामीण इलाकों में होती है। आग से नुकसान को कम करने के लिए विभाग ने ब्लाकवार अग्नि सचेतकों को तैयार किया है। भानपुर तहसील के रामनगर में 125 व सल्टौआ ब्लॉक में 175 लोगों को अग्नि सचेतक के तौर पर जोड़ा गया है। इस मौके पर अभिलाष चंद्र पांडेय, आलोक चौधरी, राकेश गुप्ता, अंजेश कुमार आदि उपस्थित रहे। संवाद