बस्ती। दुबौलिया थानाक्षेत्र के ग्राहक सेवा केंद्र दुबौलिया बाजार के संचालक पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। विशेषरगंज निवासी रविंद्र सोनी ने तहरीर दी कि वह 1 जनवरी 2015 से 30 जून 2018 तक केंद्र पर एजेंट के रूप में कार्य कर रहे थे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के डेली कलेक्शन खाते खुलवाए और प्रतिदिन राशि केंद्र पर जमा करते रहे। संचालक ने 19 ग्राहकों के 326656 रुपये का भुगतान नहीं किया और ग्राहक सेवा केंद्र बंद कर दिया। बाद में पता चला कि फर्जी रसीदें देकर 19 ग्राहकों की आरडी ही नहीं खोली गई थी। थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि दुबौलिया कस्बा निवासी आरोपी ध्रुव कुमार और एसबीआई शाखा दुबौलिया के प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद