बस्ती। काेतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना क्षेत्र के रैपुरा जंगल निवासी रत्नेश कुमार ने बताया कि विपक्षी विपिन कुमार उर्फ देवेंद्र सिंह गौतम ने उनसे पुरानी चारपहिया गाड़ी दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी व जालसाजी करके तीन लाख रुपये ले लिए। गाड़ी भी नहीं दिलवाए और रुपये भी नहीं वापस किए। रुपये मांगने पर उन्हें आरोपी ने गाली देते हुए मारने की लिए दौड़ा लिया और जानमाल की धमकी भी दी। पुलिस ने विपिन और उसके भाई सुधरी निवासी गजराज साकिन कटहापुर थाना वाॅल्टरगंज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं दूसरा करोड़ों के गबन का मामला सामने आया है। दुबौलिया थाना क्षेत्र के सड़वलिया गांव के राजवंत ने तहरीर देकर बताया कि उनसे कैनविज कंपनी के मालिक एमडी कन्हैया गुलाटी, उनकी पत्नी राधिका गुलाटी निवासी मोहल्ला 30 वीं, स्टेडियम रोड शहदाना कॉलोनी, श्यामगंज, थाना-बरादारी जनपद-बरेली ने जालसाजी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर संगठित गिरोह के रूप में करोड़ों रुपये का गबन कर लिए और बाद में कंपनी बंद कर भाग गए हैं।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।