- 18 अप्रैल से होगी सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबंद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के सेमेस्टर फाइनल परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दिया है। जिसके अनुसार, परीक्षा 18 अप्रैल से होगी। अभी सेलेबस पूरा न होने के कारण विद्यार्थी परीक्षा को लेकर ऊहापोह की स्थिति में हैं। वह समझ नहीं पा रहे हैं कि परीक्षा कैसे देंगे जब कक्षाओं में पाठ्यक्रम को पूरा नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में पांच राजकीय महाविद्यालय रामधनी सिंह नोहरा देवी राजकीय महाविद्यालय गड़हा गौतम, राजकीय महाविद्यालय हर्रैया, पचवस, रुधौली और सेहमो में स्थित है। इसके अलावा चार वित्त पोषित और 50 से अधिक निजी महाविद्यालय भी संचालित किए जा रहे हैं। जो सिद्धार्थ विश्व विद्यालय से संबद्ध हैं। कला वर्ग के महाविद्यालयों की संख्या अधिक है।
शहर में स्थित एपीएन पीजी कॉलेज में एलएलबी व बीकॉम और शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज में विज्ञान वर्ग के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान की पढ़ाई होती है। सभी महाविद्यालयों की दशा एक जैसी ही है। अभी तक महज 60 फीसदी सेलेब्स ही पूरा हो पाया है। एक महाविज्ञान में स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे विभव ने बताया कि द्वितीय सेमेस्टर का सत्र देर से शुरू हुआ। गुरूजी ने सेलेब्स पूरा करने में तेजी दिखाई लेकिन समयाभाव के चलते पाठ्यक्रम पूरा नहीं करा पाए। 60 प्रतिशत सेलेब्स पूरा हो चुका है। कमोबेस, यही दशा शहर के तीनों महाविद्यालयों की है।