विक्रमजोत(बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के सीतारामपुर माझा में बृहस्पतिवार की देर शाम गोंडा और अयोध्या जनपद की सीमा पर खेत पर कब्जा करने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, इसमें दो युवक घायल हो गए। इस दौरान फायरिंग की भी चर्चा है, मगर पुलिस इससे इन्कार कर रही है। माझा क्षेत्र में गोली की आवाज सुनकर खेतों की रखवाली कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। फायरिंग की आवाज सुनकर तटबंध के आसपास बसे लोगों को वारदात स्थल पर आता देख गाेंडा के दुर्गागंज माझा के आरोपी टेढ़ी नदी गोंडा की तरफ भाग निकले। मौके पर घायल सोनू यादव निवासी कटरा थाना नवाबगंज जिला गोंडा तथा लल्लू यादव निवासी लालपुर थाना परसरामपुर बस्ती को सीएचसी विक्रमजोत पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दोनों घायलों की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि वारदात गोंडा जिले के क्षेत्र में खेत के विवाद को लेकर हुई है। फायरिंग जैसी अफवाह की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद