संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान, बस्ती। सहकारी गन्ना समिति चुनाव बभनान में सोमवार को निदेशक पद के लिए दाखिल 18 नामांकन पत्रों में कुल छह नामांकन पत्र वापस ले लिए गए। पांच निदेशक के पद पहले से ही निर्विरोध थे। इस तरह अब कुल सात निदेशक निर्विरोध हो गए हैं, जबकि 16 अक्टूबर को समिति क्षेत्र के दो सीटों पर निदेशक चुने जाने के लिए मतदान होना है।
सहकारी गन्ना समिति बभनान में नौ निदेशक पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों के वापसी के बाद सात निदेशक निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। समिति क्षेत्र के निर्वाचन क्षेत्र गोपीनाथपुर से सुघरा देवी, ढढौवा मेहनिया से सुशीला देवी, बयिहराडीहा से अजय कुमार, बेलवरिया जंगल से अखंड प्रताप सिंह, भटहा जंगल से प्रीती सिंह, महुआपार से परसराम व मुइली से सीयाराम निर्विरोध निदेशक निर्वाचित हो गए हैं।
वहीं समिति क्षेत्र की हाट सीट वीरपुर से अजीत कुमार पांडेय व विवेक तिवारी आमने-सामने ताल ठोक रहे हैं। वहीं महराजगंज निदेशक सीट से चंद्रावती, तौलमणि सिंह व रामतीरथ चुनावी समर में जोर आजमाइश कर रहे हैं। 16 अक्टूबर को 101 डेलीगेट मतदान करके दो निदेशक के भाग्य का फैसला करेंगे। इस बाबत सहकारी गन्ना समिति बभनान के निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि नाम वापसी के बाद सात निदेशक निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। जिनकी सूची चस्पा कर दी गई है। वहीं दो निदेशक पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिनका चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया है। बताया कि वीरपुर निदेशक सीट पर 64 मतदाता व महाराजगंज सीट पर 37 मतदाता और डालेंगे उन्होंने बताया कि चुनाव बुधवार को समिति परिसर में सुबह 10:00 बजे से 4:00 बजे तक होंगे। उसके बाद वहीं पर परिणाम जारी किए जाएंगे।