सामान खरीदने के विवाद में मारपीट, दो नामजद
मंगलवार को कलवाली थाने के बेइली में हुई थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। लुंबिनी दुद्धी मार्ग पर स्थित बेईली गांव के पास सामान खरीदने के विवाद में हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने दो लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया है।
कलवारी थाने के बेइली निवासी अली कमर ने थाने पर दी गई तहरीर में लिखा है कि उसका भाई हबीब अहमद उर्फ सब्लू मंगलवार रात गांव के सामने एक दुकान पर सामान लेने गया था। वहां पहले से मौजूद गोलू निवासी पकड़ी मिश्राइन थाना नगर व बब्बू उर्फ बबलू निवासी बहादुरपुर थाना नगर से सबली का सामान खरीदने की बात को लेकर विवाद हो गया। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। वापस लौटते समय गोलू और बब्बू ने ने उसे रोक लिया और अपशब्द कहने लगे। उसके मना करने पर मारपीट कर घायल कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। गांव के एक लड़के ने इसकी सूचना घर पर दी। तब परिवार के लोग पहुंचे और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले गए। जहां डॉक्टर ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच उपनिरीक्षक संजय कुमार सरोज को सौंप दिया गया है।