एक पक्ष धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का लगा रहा आरोप
पैकोलिया क्षेत्र के कुर्दा गांव में सोमवार की देर शाम हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकोलिया। कुर्दा गांव में मजदूरी मांगने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मजदूरी मांगने गए मजदूर को पीठ में चाकू मार दिया गया। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। मामला दो पक्षों से जुड़ा होने की वजह से पुलिस चौकन्ना हो गई। सीओ हर्रैया अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि मामला केवल मजदूरी मांगने का है। कुछ लोग इसे अलग रूप दे रहे हैं। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव का राजू गुप्ता अजीजुल्लाह के यहां मजदूरी करता था। राजू गुप्ता ने तहरीर देकर आरोप लगाया सोमवार शाम करीब 5:30 बजे वह मजदूरी मांगने गया तो अजीजुल्लाह ने कहा कि पहले मुस्लिम बनो तब पैसा देंगे। इस बात का विरोध करने पर अब्दुल वहीद, नियाज़, मजीवुल्लाह, सलीम खान, सावान, अल्तमश और साहिल सहित पांच-छह अज्ञात लोग लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इसी बीच अजीजुल्लाह ने ललकारते हुए धारदार हथियार से मार डालने की नियत से प्रहार किया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। वहीं दूसरे पक्ष के अजीजुल्लाह ने भी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रुपये को लेकर लहूरखान, रेहान, अयूब, हफीजुल्लाह, इश्तियाक अहमद, इरशाद अहमद एक राय होकर उसके घर में घुस गए। लाठी-डंडे से उसकी पत्नी रेहाना खातून की पिटाई करने लगे। भतीजे सलीम को भी मारापीटा और घर में तोड़फोड़ की।
थानाध्यक्ष रामफल चौरसिया ने बताया कि अजीजुल्लाह की तहरीर पर छह लोगों पर घर में घुसकर मारने, बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष के राज गुप्ता ने भी तहरीर दी है। दोनों पक्षों के घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है।