नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के बक्सर गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।
नगर थाना क्षेत्र के बक्सर निवासी प्रदीप कुमार ने नगर पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि जमीन के विवाद को लेकर गांव के छोटे लाल गाली दे रहे थे। जब हमने मना किया तो छोटेलाल, सदा वृक्ष, आलोक, सुनीता देवी पत्नी छोटे व रामवृक्ष एक राय होकर अपशब्द कहते हुए लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के रामवृक्ष ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि जमीन के विवाद को लेकर गांव के रामजनम गाली दे रहे थे। विरोध करने पर राम जनम, गिरजेश, मोहन लाल, प्रदीप कुमार, चंद्रकला पत्नी प्रदीप कुमार व सोहनलाल एक राय होकर आए और लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी नगर जनार्दन प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।