विक्रमजोत। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति सांड़पुर दुबौली के भदोही गोदाम से 200 किसानों में यूरिया बांटी गई। नेटवर्क की समस्या के चलते बड़ी संख्या में किसान लौट गए। सोमवार सुबह 7 बजे ही गोदाम के बाहर सैकड़ों किसान एकत्र हो गए। सचिव हरीराम वर्मा ने पत्र लिखकर चौकी प्रभारी विक्रमजोत शशि शेखर सिहं से सुरक्षा मांगी। चौकी इंचार्ज के साथ सचिव गोदाम पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में प्रति किसान दो बोरी के हिसाब से 200 किसानों में 400 पैकेट यूरिया खाद का वितरण किया। सचिव ने बताया कि नेटवर्क न चलने के कारण कुछ किसानों को खाद नहीं मिल पाई है। हालांकि यूरिया खाद नहीं मिलने पर कुछ किसानों ने नाराजगी भी जताई। किसानों ने उच्चाधिकारियों को फोन करके सचिव पर स्थानीय यूरिया पेटी डीलरों की मिलीभगत से खाद बांटने का आरोप लगाया। संवाद