फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: हत्या करके फेंके जाने की आशंका, कुआनों में उतरी एसडीआरएफ

Wed, 17 Jul 2024 03:00 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
- मोहित अपहरण कांड : चंगेरवा से बानपुर तक 12 किलोमीटर तक टीम कर रही तलाश
विज्ञापन

- पुलिस की 10 टीमों ने अलग-अलग कई स्थानों पर दबिश दी
- शुक्रवार को दोपहर दो बजे हुआ था मोहित यादव का अपहरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मोहित अपहरण कांड में पुलिस काफी आगे तक पहुंच चुकी है लेकिन घटनाक्रम ऐसा है कि दुविधा की स्थिति बन गई है। मोहित यादव जिंदा है या उसने प्रताड़ना से दम तोड़ दिया, दोनों पहलू को पुलिस नकार नहीं पा रही है। कहीं अपहर्ता उसकी हत्या करके शव कुआनों नदी में न डाल दिए हों, इसकी तस्दीक के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। स्थानीय पुलिस के साथ चंगेरवा से बानपुर तक करीब 12 किलोमीटर तक नदी के दोनों किनारों से लेकर पानी की गहराई तक तलाश करने की कोशिश की। देर शाम तक कहीं पता नहीं चल सका।
उधर, पुलिस की 10 टीमों ने अलग-अलग कई स्थानों पर दबिश दी। नामजद आरोपियों के परिवार के लोगों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। मोहित के परिवार के सदस्यों बहन, भाई और मामा को लेकर पुलिस की टीम कई स्थानों पर गई। संतकबीरनगर में मिले एक अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए भी उन्हें टीम लेकर गई। मगर कुछ हासिल नहीं हुआ।
विज्ञापन


तीन एंगल पर पुलिस बढ़ रही आगे
- पुलिस इस समय तीन मोर्चाें पर आगे कदम बढ़ा रही है। पहला तो यह कि आखिरी मौके पर मोहित की हत्या करके शव कुआनों नदी में फेंक दिया गया। इसलिए सोमवार से ही नदी में नाव के सहारे तलाश की जा रही है। पानी मथने के लिए मोटरबोट लेकर एसडीआरएफ को भी बुला लिया गया है। दूसरा पुलिस यह मानकर चल रही है कि वह जिंदा है और आरोपी कहीं उसका इलाज करा रहे हैं। इस पहलू पर भी अलग टीमें काम कर रही हैं। तीसरा रूटीन पुलिसिंग के तौर तरीके से मुखबिर, सर्विलांस और परिवार-रिश्तेदारों के जरिए जानकारी हासिल करके आगे बढ़ने के प्रयास में है।
-
इस तरह काम कर रही टीमें
- कोतवाली व पुरानी बस्ती थाने के अलावा एसओजी, स्वाट, सर्विलांस, स्वाट-एसओजी टीम के पुराने पुलिस कर्मी, थाना रुधौली, वाल्टरगंज, कलवारी, नगर की टीम को मैदान में उतारा गया है। अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं।

एक और नामजद के हिरासत में लिए जाने की चर्चा
इस सनसनीखेज केस में नामजद एक और आरोपी को हिरासत में लिए जाने की चर्चा है। इस तरह पुलिस के चंगुल में अब तक दो के आने की बात कही जा रही है। हालांकि अभी पुलिस सिर्फ एक नामजद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कह रही है। जिनमें 23 वर्षीय मोनू जायसवाल निवासी गांधीनगर थाना कोतवाली, 18 वर्षीय अमन गुप्ता , 18 वर्षीय करन जायसवाल व 18 वर्षीय सादिक उर्फ सुद्दु निवासी गांधीनगर शामिल हैं।

सिर्फ तीन अपहर्ताओं में छिपी कांड की कहानी
इस कांड की शुरुआत और मध्य में सभी आरोपी शामिल होने की बात बताई जा रही है। माना जा रहा है कि प्रताड़ना के बाद बेहोश होने पर दो नामजद वहां से भाग खड़े हुए। बाकी बचे तीन नामजद आरोपियों ने उसके साथ क्या बर्ताव किया। सारी कहानी इसी पर आकर रुक गई है। जब तक उन तीनों में से कोई एक पुलिस के हाथ नहीं लगता तब तक हकीकत सामने आनी मुश्किल है। पुलिस की बॉडी लैंग्वेज से लगता है कि उन तीनों के बारे में उसे जानकारी मिल चुकी है सिर्फ वे अभी हाथ नहीं आ सके।
विज्ञापन


यह रहा घटनाक्रम
कोतवाली थानाक्षेत्र के पिकौरा दत्तुराय निवासी अविनाश सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12 जुलाई को दिन में दो बजे मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन करके बताया कि उनके घर में मारपीट व तोड़-फोड़ की जा रही है। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि मोहित यादव जो उनके यहां किराये पर कमरा लेकर रहता था, उसे आदित्य विक्रम सिंह, पुलकित गर्ग, सत्यम कसौधन, मोनू, सैय्यद इलहान व उनके साथ अन्य बहुत सारे लड़के आकर कमरे में घुस कर उसे मार रहे थे। मोहित जब बाथरूम में घुसा तो आरोपित उसे वहां से खींचकर नीचे ले जाकर कुछ दूर पैदल चलते हुए मुख्य मार्ग पर आकर चार पहिया वाहन से अपहरण करके हत्या करने की नियत से लेकर भाग गए।

-

काफी हद तक पुलिस केस की गुत्थी सुलझा चुकी है। एक-दो दिन में पूरा केस वर्कआउट हो जाएगा। आरोपियों के काफी करीब तक पुलिस पहुंच गई है।
- गोपाल कृष्ण चौधरी, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें