बस्ती। विक्रमजोत क्षेत्र के छावनी कस्बे में बुधवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. एसबी सिंह ने झोला छाप की क्लिनिक पर छापामार कर कार्रवाई की। वह एक मरीज का इलाज कर रहा था। डिप्टी सीएमओ ने उससे क्लीनिक चालने के कागजात और डिग्री मांगा। जिसे वह नहीं दिखा सका।
एमओआईसी विक्रमजोत डॉ. आसिफ फारुखी ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। छावनी कस्बे के सर्विस रोड पर स्थित लक्ष्मी क्लीनिक पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ ने मौके से सिरिंज, दवाएं और दांतों के उपचार में उपयोगी तमाम उपकरण बरामद किया। उसके पास क्लीनिक चलाने के वैध प्रपत्र नहीं मिले। पुलिस उसे पकड़कर छावनी थाने ले आई। एमओआईसी ने उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
इधर जिला चिकित्सालय के निकट एक निजी डेंटल क्लीनिक पर भी एसीएमओ डॉ. एके मिश्र ने जांच पड़ताल की है। एसीएमओ ने बताया कि यहां के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार के खिलाफ कई अस्पतालों में अपनी डिग्री दिए जाने की शिकायत थी। डॉक्टर से अभिलेख आदि लिए गए हैं।