अधिकतर विद्यार्थी दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज और कोटा जा रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड की परीक्षा समाप्त हो गई है। इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं कॅरिअर को लेकर सजग हो गए हैं। हर साल बच्चे बोर्ड का पेपर देने के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए घर छोड़ देते हैं। इस साल भी जिले के तमाम विद्यार्थी रिजल्ट का इंतजार किए बगैर नीट, आईआईटी, आईएएस, पीसीएस, एसएससी जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों की ओर निकलने लगे हैं।
अधिकतर विद्यार्थी दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज और कोटा जा रहे हैं। किसी ने किताबों को सहारा बनाया है तो कोई ऑनलाइन कोचिंग ले रहा है। राकेश सिंह ने बताया कि सिविल सर्विसेज में जाने का मन है। बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद तैयारी शुरू कर दी है। परिणाम आने तक घर पर ही ऑनलाइन तैयारी करेंगे।
रुचि श्रीवास्तव का कहना है कि परीक्षा खत्म हो गई है। दो-चार दिन बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर देंगे। पेपर अच्छे हुए हैं। परिणाम भी अच्छा आने की उम्मीद है आएगा। बताया कि वह जेईई की तैयारी करेंगे।
अंशिका का कहना है कि डॉक्टर बनना चाहती हूं। इसके लिए लखनऊ में अच्छी कोचिंग ज्वाइन करके तैयारी करेंगी।साल बेकार न हो इसके लिए किसी अच्छे कॉलेज से बीएससी भी करेंगी। नीरज कुमार ने बताया कि परीक्षा खत्म हो गई है। प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहते हैं। इसके लिए प्रयागराज जाएंगे। वहीं विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के लिए सीटीयू की तैयारी में जुटे है।