भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बोले- भाजपा सिर्फ वादे नहीं करती
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व जिला प्रभारी समीर सिंह और जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने भाजपा का संकल्प पत्र को मोदी का गारंटी कार्ड बताया। कहा कि इसका एक-एक शब्द सत्य को समर्पित है। भाजपा सिर्फ वादा ही नहीं करती, उसे शत-प्रतिशत पूरा भी करती है। भाजपा ने जितने भी वादे किए उन्हें मोदी सरकार ने पूरा किया है। स्थानीय स्तर पर भी जिले में सड़कों का जाल बिछाया गया है।
नेताद्वय सोमवार को मालवीय मार्ग स्थित चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि भाजपा के इस संकल्प पत्र में इस बार मुफ्त राशन योजना जारी रहेगी, जन औषधि केंद्रों पर 80 प्रतिशत डिस्काउंट की दवाई मिलती रहेगी और उनका विस्तार होगा। 3 करोड़ और नए पीएम आवास बनेंगे, 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा, आयुष्मान योजना जारी रहेगी। बिजली बिल जीरो हो और उसके साथ उपभोक्ता कमाई भी कर सके इसलिए पीएम सूर्य घर योजना में 1 करोड़ रजिस्ट्रेशन हुए उस पर तेजी से काम होगा। मुद्रा योजना की सीमा 10 लाख से बढ़कर 20 लाख रुपये होगी। स्वनिधि योजना में 50 हजार की लिमिट को बढ़ाया जाएगा और शहरों से छोटे कस्बों और गांवों तक ले जाया जाएगा। भाजपा ने ट्रांसजेंडर को पहचान देने का काम किया है। अब उन्हें आयुष्मान योजना का भी लाभ मिलेगा। पीएम आवास में दिव्यांगों को जोड़ा जाएगा।