1.20 लाख रुपये नकद व कीमत के जेवरात ले गए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली। भितेहरा गांव के तीन घरों में खिड़की के रास्ते घुसकर चोरों ने 1.20 हजार रुपये के अलावा जेवरात व अन्य सामान चुरा लिए। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए। परिवार के लोगों से पूछताछ की गई।
भितेहरा के ग्राम सेवक गुप्ता के घर के पीछे लगी खिड़की को उखाड़ कर घर में घुसकर प्रथम तल के कमरे में रखे दो बक्से व आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रख दो सोने का हार, झाला, झुमकी, सोने का कंगन सोने की अंगूठी, पायल व 1.20 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोर चुरा ले गए। एक बॉक्स घर के पीछे फेंक दिया। घटना की जानकारी परिवार को तब हुई जब ग्राम सेवक गुप्ता के चाचा विनय गुप्ता के घर में भी चोर चोरी करने पहुंच गए।
बरामदे में सो रही विनय गुप्ता की बेटी विनीता की नींद खुली तो उसने घर में किसी व्यक्ति को टहलते देखा। उसके लाइट जलाने से पहले चोर फरार हो गया। इसके बाद विनीता शोर मचाने लगी। शोर सुनकर घर के लोग जाग गए। तब देखा गया कि ग्राम सेवक गुप्ता के घर से लाखों का सामान चोरी हो चुका है।।
रामधनी के घर खिड़की के रास्ते घर में घुसकर चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़कर मंगल सूत्र, बिछुआ, कमर करधन, नथिया, अंगूठी, मांग टीका मंगलसूत्र समेत 11 हजार रुपये चोर चुरा ले गए। तीसरी घटना गुलाब सिंह के घर में हुई। जहां एक कमरे में रखे बक्से को चोर उठा ले गए। उसमें कुछ बर्तन व कपड़े थे। सुबह गांव के दक्षिण तरफ सिवान में बक्सा फेंका हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव व फॉरेंसिक टीम ने घटना के बारे में जानकारी हासिल कर साक्ष्य एकत्र किए। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।