कलवारी (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के चकदहा गांव में बारिश के पानी की निकासी के विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। पीड़ित धीरज कुमार निवासी चकदहा ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 13 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे गांव के राजेश यादव, विजय यादव, विद्या, अभिषेक, आकांक्षा तथा दो अज्ञात व्यक्ति बारिश के पानी निकासी को लेकर विवाद में धीरज के घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसते ही बेटी शिवांगी को थप्पड़ों से मारना-पीटना शुरू कर दिया और राजेश ने उसका गला दबाकर हत्या करने की नीयत से जमीन पर पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। छोटा बेटा अनिकेत अपनी बहन को बचाने दौड़ा तो आरोपियों ने उसके सिर पर गंभीर प्रहार किया, जिससे वह भी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। बताया गया कि सिर में चोट लगने के कारण अनिकेत की मानसिक स्थिति अब ठीक नहीं रहती। थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। संवाद