जिले के सभी ब्लॉकों में चले रहा प्रशिक्षण, बीएसए ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के सभी उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं सशक्त बनाने के लिए स्पेशल प्रोजेक्ट फाॅर इक्विटी के तहत मीना मंच की पावर एंजिल्स के सशक्तीकरण के लिए सुगमकर्ताओं का मंगलवार से विकास खंडवार प्रशिक्षण शुरू किया गया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालयों व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से एक-एक शिक्षक को सुगमकर्ता के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण चार मार्च से पांच चरणों में 30 मार्च तक चलेगा। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अमित सोनी ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में गुणवत्ता पूर्ण प्रशिक्षण के लिए दो-दो के ग्रुप में प्रशिक्षकों को पांच-पांच विकास खंड आवंटित किए गए हैं।
पहले चरण में चार मार्च से बहादुर, बस्ती सदर व साऊंघाट, दूसरे चरण में 11 मार्च से बनकटी, विक्रमजोत, हर्रैया, तीसरे चरण में 14 मार्च से रुधौली, सल्टौआ दुबौलिया एवं चौथे चरण में 18 मार्च से रामनगर, परशुरामपुर, गौर व पांचवें चरण में 27 मार्च से कप्तानगंज ,कुदरहा व नगर क्षेत्र की सुगमकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के पहले दिन बीएसए अनूप कुमार ने बहादुरपुर ब्लॉक में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। इस मौके पर संध्या त्रिपाठी, श्रुति, सावित्री त्रिपाठी, रामपाल वर्मा आदि मौजूद रहे।