बस्ती। कटरा स्थित नोडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 24 जून को रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें त्रिवेणी आलमारी कंपनी 300 रिक्त पदों पर आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं का चयन करेगी। अभ्यर्थियों का चयन परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से होगा।
आईटीआई की ओर से लगातार रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को रोजगार भी मिल रहा है। 14 जून को आयोजित रोजगार मेले में एलएंडटी ने 147 अभ्यर्थियों का चयन किया था। इसके बाद 21 जून का आयोजित रोजगार मेले में टाटा मोटर्स सहित तीन कंपनियों ने 47 अभ्यर्थियों का चयन किया। अब 24 जून को वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, वायरमैन, मशीनिस्ट ग्राइंडर ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। नोडल प्रधानाचार्य पीके श्रीवास्तव ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जो आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए सार्थक सिद्ध हो रहा है। इसके माध्यम से उन्हें आसानी से रोजगार मिल रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से 20,958 रुपये मानदेय व अन्य भत्ते दिए जाएंगे। सुबह 10 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।