बस्ती। अनुरक्षण अभियान के तहत बुधवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अमहट से जुड़े पुराना डाकखाना फीडर से निकलने वाली 11 केवी लाइनों की दिन भर मरम्मत की गई। इसके चलते सिविल लाइंस, कंपनीबाग, पुराना डाकखाना, कटरा आंशिक आदि क्षेत्रों में 11 से 3 बजे तक बिजली गुल रही। घरों में लोग बिजली के लिए तरस गए। अनुरक्षण कार्य समाप्त होने के बाद बिजली मिली तब लोगों को सुकून मिला। अमहट पर 33/11 केवी लाइन की मरम्मत का कार्य लगभग चार घंटे तक चला। मरम्मत टीम सीढि़यों के साथ विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों पर पुराने जंपर, जर्जर तार, केबिल, कंडक्टर, इंसुलेटर बदलने के कार्य में जुटी रही। वहीं एक अन्य टीम लाइन को सुरक्षित करने के लिए ट्री कटिंग का कार्य करती रही। जिसके कारण अमहट से लेकर पुराना डाकखाना तक सड़कों के किनारे पेड़ों की डालियों का ढेर लग गया। इस दौरान उमस भरी गर्मी में लोगों को दिन भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। संवाद