- नगर पालिका सीमा विस्तार क्षेत्रों में 39 इलाकों में बनाई जानी है नई लाइन
- मोहल्लों में लटकते तारों से आवाजाही में हो रही कठिनाई
- छह जगहों पर स्थापित किया जाना है नया ट्रांसफार्मर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर पालिका सीमा विस्तार क्षेत्र में बांस-बल्ली हटाकर स्थायी बिजली लाइन बनाई जानी है। इसके लिए बिजली निगम को शासन से नौ महीने पहले करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिल चुके हैं। मगर, अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवाजाही में भी दिक्कत हो रही है। हादसे भी हो चुके हैं।
नगर पालिका के सीमा विस्तार क्षेत्र की बड़ी आबादी बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति प्राप्त कर रही है। हालत यह है कि पांडेय पोखरा, हवेलिया, न्यू मड़वानगर, बड़ेवन, सुपेलवा आदि क्षेत्रों में उपभोक्ता खुद के खर्चे पर बांस-बल्ली के सहारे घर तक तार ले गए हैं। घर तक बिजली प्राप्त करने के लिए निगम के खंभे से 100 से 200 मीटर तक केबल लगानी पड़ रही हैं। आलम यह है कि खंभे से लंबी दूरी होने के कारण आए दिन केबल टूट जाती है। लटकती केबलों के कारण हर समय खतरा का डर बना रहता है। इसे लेकर न्यू मड़वानगर, मूड़घाट, जिगिना के उपभोक्ता स्थायी लाइन बनाने के लिए निगम को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं।
...
39 इलाकों में बनाई जानी है नई लाइन
शहर के करीब 39 इलाकों में नई बिजली लाइन बनाई जानी है। निगम के अनुसार, लखनौरा (बरवा मंदिर), परसा तकिया, गोकुलधाम कॉलोनी के सामने बरगदवा, मूड़घाट, जिगिना, इटैली पांडेय, जामडीह पांडेय, तकियवां, गिदही बुजुर्ग, छुहिलिया लबनापार, पिपरा राम किशुन, पचौरा, चननी सियारो बाग, खीरीघाट मिश्रौलिया, राय होटल, मरवटिया, महुडर रेहरवा, खीरीघाट, डड़वा, मड़वानगर, बड़ेरिया बुजुर्ग (सुंदर नगर फेज-1 व 2), डिड़ौहा, डड़वा, खीरीघाट भटोलवा, बरदहिया चौराहा, महुडर (संजय कॉलोनी), लैबुड़वा (विद्या मंदिर), कांटा बाबा की कुटी, उत्तरी डारीडीहा, दुधौरा, बरगदवा बांसी रोड, मड़वानगर मीरा अस्पताल रोड, पुराना डाकखाना, बड़ार, वाइब्रेंट स्कूल मड़वानगर, हवेलिया खास, मड़वानगर में आचार्य रामचंद्र शुक्ल की प्रतिमा की तरफ आदि इलाकों में लाइनों का विस्तार होना है।
...
छह जगहों पर लगाया जाना है ट्रांसफाॅर्मर
नगर पालिका के विस्तार क्षेत्र में छह जगह नए ट्रांसफाॅर्मर लगाए जाने हैं। निगम के अनुसार, सुपेलवा, लखनौरा, परसा तकिया, गोकुलधान कॉलोनी के सामने, मूड़घाट, बरहिया और कांटा बाबा की कुटी में नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं। उक्त इलाकों में प्लिंथ व फेंसिंग का भी निर्माण होना है।
..
मुख्य खंभे से बांस-बल्ली के सहारे करीब 70 मीटर केबल लगाकर घर तक बिजली पहुंची है। आए दिन कभी केबल टूट जाती है तो कभी बांस-बल्ली। निगम के अफसर जब मासिक जांच पर आते हैं तो उनसे खंभा लगाने की मांग करता हूं। मोहल्ले के और उपभोक्ता भी ऐसे ही बिजली आपूर्ति ले रहे हैं।
रिंकू गौड़, तुर्कहिया
...
रास्ते के बगल लटक रहे बिजली के केबलों से हमेशा खतरा बना रहता है। आए दिन किसी न किसी की केबल टूटकर दरवाजे पर गिर जाती है। बिजली निगम के अफसर सिर्फ कनेक्शन की जांच कर औपचारिता पूरी करने आते हैं। खंभा लगाने की मांग करो तो वह कहते हैं कि निगम में रुपये जमा करा दो खंभे लग जाएंगे।
झिनकान, शिवनगर
..
कोट
टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी को फाइनल कर दिया गया है। इसी हफ्ते से नई लाइन बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
-रामदास, अधीक्षण अभियंता